Homeउत्तराखण्डउत्तराखंड: बेहिसाब बारिश से गंगोत्री-यमुनोत्री और बद्रीनाथ हाईवे का बुरा हाल, चारधाम...

उत्तराखंड: बेहिसाब बारिश से गंगोत्री-यमुनोत्री और बद्रीनाथ हाईवे का बुरा हाल, चारधाम यात्रा पर असर

उत्तराखंड में मानसून की शुरुआत के साथ ही भारी बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में तबाही मचा दी है। खास तौर पर चारधाम यात्रा के लिए महत्वपूर्ण गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ मार्गों पर भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं ने यात्रियों और स्थानीय प्रशासन के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए हैं, जिसके कारण हजारों तीर्थयात्री विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।

चारधाम यात्रा पर पड़ा गहरा असर

चारधाम यात्रा, जो हर साल लाखों श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थलों- यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ- की ओर आकर्षित करती है, इस बार भारी बारिश के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई है। खराब मौसम और बंद मार्गों के कारण यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी सोनप्रयाग और मुनकटिया के पास भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके चलते तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

चमोली के कई रास्ते प्रभावित

जनपद चमोली अंतर्गत बद्रीनाथ जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग भनेरपानी, पीपलकोटी और नंदप्रयाग में यातायात के लिए बाधित चल रहा है। वहीं अन्य स्थानों पर भी मार्ग में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आने के कारण रास्ता बंद है। एहतियातन पुलिस प्रशासन ने बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले यात्रियों से अपील की है कि वह जहां पर भी हैं फिलहाल वहीं पर सुरक्षित रहें।चमोली के कई रास्ते प्रभावित

मौसम विभाग की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई जिलों, विशेष रूप से देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल में अगले 24 घंटों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आंधी, बिजली और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।