उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में महिलाओं, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने लाडली को न्याय दिलाने की मांग को लेकर एक विशाल रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की कमजोर पैरवी के कारण लाडली हत्याकांड के आरोपी को सर्वोच्च न्यायालय से बरी होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि ऐसी घटनाओं में न्याय नहीं मिलेगा, तो अन्य पीड़ित महिलाओं और बेटियों की उम्मीदें भी टूट जाएंगी।
शास्त्री चौक से शुरू हुई इस रैली का नेतृत्व व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने किया। क्षेत्र की महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए। रैली में शामिल लोगों ने नारों के जरिए सरकार को चेतावनी दी कि यदि लाडली को न्याय नहीं मिला, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
हल्द्वानी में पिथौरागढ़ की रहने वाली लाडली के साथ दरिंदगी के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे पहाड़ क्षेत्र को झकझोर दिया था। उच्च न्यायालय ने आरोपी को फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन सरकार की कमजोर पैरवी के चलते सर्वोच्च न्यायालय ने उसे बरी कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार ने लाडली को न्याय दिलाने में नाकामयाबी दिखाई है। प्रदेश में ऐसी कई बेटियां और महिलाएं हैं जो इसी तरह की हिंसा का शिकार हो रही हैं और न्याय की आस लगाए हैं। यदि सरकार गंभीर नहीं हुई, तो अन्य पीड़िताओं को भी न्याय मिलना असंभव हो जाएगा।
रैली में शामिल लोगों ने सरकार से मांग की है कि मामले में पुनर्विचार याचिका दाखिल कर मजबूत पैरवी की जाए। जिला व्यापार संघ के आह्वान पर पिथौरागढ़ व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत समेत अन्य नेताओं ने जनजागरण अभियान चलाया। सभी ने लोगों से इस लड़ाई में भाग लेने की अपील की।
नेपाल सीमा पर भी गूंजे लाडली को न्याय दो के नारे
दरिंदगी का शिकार हुई लाडली को न्याय के लिए भारत-नेपाल सीमा पर झूलाघाट में भी जनजागरूकता रैली निकाली गई। कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह लुंठी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने लाडली के हत्यारे को सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उसे बेकसूर बताकर छोड़ना बच्ची और परिवार के साथ अन्याय है। इस दौरान लोगों ने लुंठी और भूतपूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष पिथौरागढ़ शमशेर महर के साथ झूलाघाट-जौलजीबी चौक से बाजार होते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय झूला पुल तक नारेबाजी करते हुए यहां से बाजार में रैली निकाली। सभी ने स्थानीय लोगों से न्याय के लिए चल रहे संघर्ष में साथ देने की अपील की। लाडली के ताऊ भी रैली में मौजूद रहे। रैली में होटल एसोसिएशन पिथौरागढ़ के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट, ग्राम प्रधान मजिरकांडा रेखा भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला भट्ट, मीना पंगरिया, कविता भट्ट, हरिप्रिया भट्ट, निर्मला पंगरिया, मीना भट्ट, दिवाकर भट्ट, राजेन्द्र भट्ट व अन्य लोग मौजूद रहे।