बी.बी.ए. सभागार में बुधवार को बीबीए विभाग द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रतिभाशाली छात्र तेजेंदर शर्मा के उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिन्होंने कुमाऊँ विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालय ताइक्वांडो महिला-पुरुष प्रतियोगिता सत्र 2025–26 में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है.
समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. ए. एन. सिंह ने की. बीबीए समन्वयक प्रो. भरत सिंह ने अपने संबोधन में तेजेंदर शर्मा की अनुशासनप्रियता, कठोर परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल बीबीए विभाग ही नहीं, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की.
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. ए. एन. सिंह ने कहा कि खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने तेजेंदर शर्मा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी संस्थान का नाम रोशन करेंगे. साथ ही, उन्होंने महाविद्यालय में खेलों को निरंतर प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता दोहराई.
कार्यक्रम में प्रो. मनोज पाण्डेय, डॉ. अपर्णा सिंह, बीबीए विभाग के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे. अंत में तेजेंदर शर्मा को स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर समारोह का समापन किया गया.


