देहरादून: कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुजाता पॉल ने आज एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यंग्यात्मक हमला बोला है। इस वीडियो में सुजाता पॉल ने देश के बढ़ते सार्वजनिक कर्ज को लेकर ‘बधाई’ देते हुए एक चुटीला तंज कसा है।
वीडियो की शुरुआत में सुजाता पॉल कहती हैं, “बधाई, मेरे प्यारे देशबंधुओं और देशबहनों। जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पी.वी. नरसिम्हा राव और डॉ. मनमोहन सिंह 70 साल में जो नहीं कर सके, वो नरेंद्र मोदी ने कर दिखाया है।”
उन्होंने आगे कहा कि जब देश अंग्रेजों से विरासत में नेहरू को मिला था, तब देश में एक सुई तक नहीं बनती थी, लेकिन नेहरू ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, शिक्षा, स्वास्थ्य और लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया।
सुजाता पॉल ने दावा किया कि पिछली सभी सरकारों के प्रयासों से भी जो काम नहीं हुआ था, वो काम अकेले पीएम मोदी ने किया है, वो अद्भुत है। उन्होंने कहा, “70 साल में उन लोगों ने इस देश के लिए सिर्फ 55 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया। लेकिन आप जानते हैं क्या? श्री नरेंद्र मोदी ने ये कमाल सिर्फ 11 साल में कर दिखाया। आज देश का कर्ज 200 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है।”
इसका सीधा सा मतलब समझाते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “मतलब जब उन्होंने 2014 में देश संभाला था, तब देश पर 100 रुपये का कर्ज था और अब वो 400 रुपये हो गया है। वाह! सभी भारतीयों को बधाई।”
देहरादून से ताल्लुक रखने वाली सुजाता पॉल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सरकार के आर्थिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहा है। केंद्र सरकार या भारतीय जनता पार्टी की ओर से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


