HomeदेशSirsa Airbase : पाकिस्तान ने फतह मिसाइल से किया हमला, रात में...

Sirsa Airbase : पाकिस्तान ने फतह मिसाइल से किया हमला, रात में धमाका, सुबह मिला मलबा, हरियाणा में अलर्ट

हरियाणा के सिरसा जिले में शुक्रवार रात एक बड़ा सुरक्षा संकट टल गया जब पाकिस्तान द्वारा दागी गई फतह मिसाइल को भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया। रात करीब 11 बजे तेज रोशनी और धमाके की आवाज से सिरसा का आसमान गूंज उठा। शनिवार सुबह ग्रामीणों को खेतों में मिसाइल के टुकड़े बिखरे मिले।

सेना और प्रशासन सतर्क

सेना ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। ग्रामीणों द्वारा मिसाइल के मलबे को पुलिस को सौंप दिया गया। सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी ने विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि एयरबेस पूरी तरह सुरक्षित है। सिरसा में दो इमरजेंसी कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, जिनके नंबर सार्वजनिक कर दिए गए हैं।

हरियाणा में हाई अलर्ट, कई सेवाएं प्रभावित

सीएम नायब सैनी ने चंडीगढ़ में आपात बैठक बुलाई है, जिसमें सभी डीसी और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हैं। राज्य के कई जिलों में ब्लैकआउट घोषित किया गया है। गुरुग्राम, पंचकूला और पानीपत में रात 8 से सुबह 6 बजे तक लाइट बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य और सुरक्षा तैयारियां तेज

हिसार में तीन अस्पतालों में बर्न वार्ड बनाए गए हैं। सभी जिलों में सायरन लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकारी अस्पतालों में 25% बेड आरक्षित किए गए हैं। फायर ब्रिगेड, डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सिरसा प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने की अपील की है।