सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के इतिहास विभाग के एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र देव सक्सेना ने यूजीसी नेट परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है. इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है तथा शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें बधाई दी है.
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए. एन. सिंह ने देव सक्सेना को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्र की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का प्रतिफल है. उन्होंने कहा कि देव की यह उपलब्धि महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को भी दर्शाती है. ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं और शोध व उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की राह दिखाते हैं.
इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अपर्णा सिंह ने कहा कि देव सक्सेना प्रारंभ से ही अध्ययन के प्रति गंभीर, जिज्ञासु और शोधात्मक दृष्टिकोण रखने वाले छात्र रहे हैं. उन्होंने नियमित अध्ययन, विषय की गहरी समझ और संदर्भ ग्रंथों के व्यापक अध्ययन के माध्यम से इस परीक्षा की तैयारी की, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने है. विभागाध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि देव भविष्य में इतिहास विषय में शोध कार्य कर अकादमिक जगत में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. भरत सिंह ने कहा कि देव सक्सेना की यह सफलता समूचे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि आज के समय में यूजीसी नेट जैसी प्रतियोगी परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है. इससे अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर गंभीरता से अध्ययन करने की प्रेरणा मिलेगी.
देव सक्सेना ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं सहपाठियों को देते हुए कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है. उन्होंने कहा कि यह सफलता उन्हें आगे और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी.
महाविद्यालय परिवार की ओर से देव सक्सेना को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा आशा व्यक्त की गई कि वे आगे भी इसी प्रकार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे.


