Homeकुमाऊँपंतनगर एयरपोर्ट का होगा बड़े स्तर पर विस्तार, उतर सकेंगे बोइंग–एयरबस जैसे...

पंतनगर एयरपोर्ट का होगा बड़े स्तर पर विस्तार, उतर सकेंगे बोइंग–एयरबस जैसे बड़े विमान

रुद्रपुर: कुमाऊं क्षेत्र के तराई इलाके में स्थित पंतनगर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं वाले बड़े विमानन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। करीब 793 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस एयरपोर्ट के विस्तार से कुमाऊं की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल पंतनगर एयरपोर्ट की रनवे लंबाई करीब 1,340 मीटर है, जिसके चलते यहां केवल छोटे विमान ही उतर-पड़ सकते हैं। विस्तार परियोजना के तहत मौजूदा रनवे को हटाकर 3,000 मीटर लंबी और 45 मीटर चौड़ी नई रनवे बनाई जाएगी। इसके बाद यहां बोइंग और एयरबस जैसे बड़े यात्री विमान भी संचालित हो सकेंगे।

पहले चरण में नया टर्मिनल भवन

परियोजना के पहले चरण में करीब 387 करोड़ रुपये की लागत से नया टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है। लगभग 8,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला यह टर्मिनल एक समय में 475 यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जबकि सालाना 10 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही के लिए डिज़ाइन किया गया है।

टर्मिनल में दो एयरोब्रिज, एस्केलेटर, लिफ्ट, ऑटोमेटेड पार्किंग, फूड कोर्ट, रिटेल आउटलेट्स और कार रेंटल सेवाएं जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

पर्यटन और उद्योग दोनों को फायदा

अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट के विस्तार से नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे पर्वतीय जिलों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सिडकुल, कृषि विश्वविद्यालय और तराई क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

पहली बार शुरू होगी कार्गो सेवा

पंतनगर एयरपोर्ट से कार्गो सेवाएं भी शुरू की जाएंगी, जो इस क्षेत्र के लिए पहली बार होगा। इससे कृषि उत्पादों, औद्योगिक सामान और स्थानीय उत्पादों को देश के बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। खासतौर पर मोटे अनाज की खेती करने वाले किसान और छोटे उद्यमियों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है।

बढ़ेगी विमानों की पार्किंग क्षमता

एयरपोर्ट के एप्रन क्षेत्र का भी विस्तार किया जा रहा है। अभी जहां एक समय में सिर्फ दो विमानों की पार्किंग संभव है, वहीं विस्तार के बाद यहां पांच विमान एक साथ खड़े किए जा सकेंगे। इससे उड़ानों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने कहा कि यह एयरपोर्ट कुमाऊं का मुख्य हवाई प्रवेश द्वार है। इसके विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग से सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।