गाजियाबाद के पॉश इलाके राजनगर एक्सटेंशन में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। हल्द्वानी (उत्तराखंड) निवासी एक होटल कारोबारी राहुल डागर (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी आशीष (28) भी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
होटल पार्टनरशिप विवाद बना मौत का कारण
यह खूनी खेल नंदग्राम थाना क्षेत्र के हार्मनी पॉइंट मार्केट में हुआ, जहां अचानक हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस विवाद की जड़ हल्द्वानी स्थित एक होटल में पार्टनरशिप को लेकर चल रहा पुराना विवाद है। दोनों पक्ष एक-दूसरे को जानते थे और इसी रंजिश के चलते उनके बीच बहस हुई, जो गोलीबारी में बदल गई।
वारदात का पूरा घटनाक्रम
पुलिस उपायुक्त नगर जोन धवल जायसवाल ने बताया कि रविवार देर शाम कुछ युवक राजनगर एक्सटेंशन के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान उनके बीच आपस में विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि नागेंद्र और उसके एक साथी ने गोली चला दी। गोली लगने से राहुल डागर गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, आशीष भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नंदग्राम थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीसीपी जायसवाल ने बताया कि दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। यह घटना गाजियाबाद जैसे पॉश इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।