हल्द्वानी, प्रमुख संवाददाता।
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर मंगलवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में सहकारिता मेले का शुभारंभ होगा। जिले के सहायक निबंधक ललित मोहन खरेल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
नैनीताल जिला प्रशासन, जिला सहकारी बैंक और उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में लगने वाला यह मेला सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक पहुँचाने का प्रमुख माध्यम बनेगा। ललित मोहन खरेल ने बताया कि मेले में 41 विभिन्न सहकारी समितियाँ अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी।
मेले में कृषि, बागवानी, डेयरी, पशुपालन, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा जिला सहकारी बैंक की योजनाओं को सरल भाषा में समझाया जाएगा। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से 132 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 2.51 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।
मेले में ऑर्गेनिक उत्पाद, स्थानीय खाद्यान्न, बांस-बुने सामान, हस्तशिल्प, जड़ी-बूटी आधारित उत्पाद, ऊनी वस्त्र, डेयरी उत्पाद, स्वास्थ्य सेवाएँ, सूक्ष्म वित्त तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा, जिले में संचालित सहकारी समितियों के नवाचार और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
उद्घाटन के साथ ही स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी, जो पूरे मेले को जीवंत बनायेंगी।


