HomeदेशDelhi Chief Minister : दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने किए केदारनाथ...

Delhi Chief Minister : दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने किए केदारनाथ बदरीनाथ दर्शन, सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मांगा आशीर्वाद

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार के 100 दिन का कार्यकाल पूरा होने पर देवभूमि उत्तराखंड का दौरा किया। सोमवार को उन्होंने बाबा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। इससे पहले रविवार को उन्होंने हरिद्वार में गंगा आरती में भी भाग लिया।

केदारनाथ और बदरीनाथ में पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार सुबह सबसे पहले केदारनाथ धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश और दिल्ली की समृद्धि व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। केदारनाथ से दर्शन करने के बाद उन्होंने बदरीनाथ धाम की यात्रा की और वहां भी भगवान बदरी विशाल का आशीर्वाद लिया। यह उनका मुख्यमंत्री बनने के बाद पहला उत्तराखंड दौरा था, जिसने काफी सुर्खियां बटोरीं।

हरिद्वार में गंगा स्नान और यमुना स्वच्छता का संकल्प

रविवार को हरिद्वार दौरे पर पहुंची मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पति के साथ हरकी पैड़ी पर गंगा में स्नान किया। गंगा सभा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा का स्नान उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अपनी सरकार के 100 दिन का कार्यकाल पूरा होने पर वे इस पुण्य भूमि पर आई हैं और मां गंगा के चरणों में नमन करते हुए उन्होंने भारतवर्ष के विकसित होने और उसमें दिल्ली के भी अपना स्थान बनाने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने कनखल में आयोजित वात्सल्य गंगा आश्रय के लोकार्पण पर यमुना स्वच्छता पर भी बात की। उन्होंने कहा कि संतों की इच्छा की तरह वे भी चाहती हैं कि एक दिन यमुना में भी स्नान कर सकें। इसके लिए यमुना नदी की स्वच्छता के लिए अभियान पूरे कार्यकाल में चलेगा। उन्होंने कहा कि सीएम बनने के बाद पहली बार धर्मनगरी में गंगा स्नान किया है और यहीं से संकल्पित भाव से संतों का आशीर्वाद लेकर जाएंगी।