देहरादून, (काफलट्री लाइव)। उत्तराखंड में अब जमीन खरीदना पहले से ज्यादा महंगा हो गया है। सरकार ने सोमवार से ही पूरे राज्य में जमीन के नए दर (सर्किल रेट) लागू करने का आदेश दे दिया है। वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने इस बात की पुष्टि की है।

इसके साथ ही कई जिलों में नए सर्किल रेट लागू हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अलग-अलग इलाकों में जमीन की कीमतों के इस आधार दर में 8% से लेकर 22% तक का इजाफा किया गया है।
ये बदलाव लगभग दो साल बाद हुआ है। इससे पहले 2023 में इन दरों को बदला गया था। इस बार भी 2023 के ही फार्मूले का इस्तेमाल किया गया है।
जिन इलाकों में तेजी से बिल्डिंगें बन रही हैं, नई सड़कें बन रही हैं या नए संस्थान खुल रहे हैं, वहाँ जमीन का सर्किल रेट बढ़ाया गया है। हालाँकि, कुछ संवेदनशील इलाकों में पुराने दर ही रखे गए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को ही इन नए दरों की पूरी जानकारी जारी कर दी जाएगी। दरअसल, स्टाम्प विभाग ने ये दर जनवरी में ही तैयार कर लिए थे, लेकिन पहले पंचायत चुनाव और फिर आपदा की वजह से इन्हें लागू नहीं किया गया। अब हालात सामान्य होने पर इन्हें लागू कर दिया गया है।
इन नए दरों के लागू होने से अब उत्तराखंड में जमीन खरीदने और उसकी रजिस्ट्री कराने का खर्च काफी बढ़ जाएगा।


