HomeUncategorizedकुमाऊं में STF की बड़ी कार्रवाई: 3.10 करोड़ की हेरोइन के साथ...

कुमाऊं में STF की बड़ी कार्रवाई: 3.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की कुमाऊं एंटी-नार्कोटिक्स यूनिट ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 1.033 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से एसटीएफ और पुलिस की निगरानी में था। मामले की जांच जारी है और नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

किच्छा से गिरफ्तारी

एसटीएफ एंटी-नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट और किच्छा कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेहनवाज उर्फ मामू, निवासी बरेली, को किच्छा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह हेरोइन बरेली के रहने वाले एक व्यक्ति, जिसे वह “भैया” के नाम से जानता है, से खरीदता था और इसे हरजिंदर नाम के व्यक्ति को बेचने जा रहा था। पुलिस के अनुसार सेहनवाज कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करने वालों में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

दो साल से थी निगरानी

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की सप्लाई की गई हेरोइन की शुद्धता ज्यादा होने के कारण इलाके में इसकी मांग अधिक थी। इसी वजह से वह लंबे समय से एसटीएफ के रडार पर था। एसटीएफ पिछले करीब दो साल से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने बताया कि सेहनवाज अक्सर बरेली से हेरोइन खरीदता था। कई बार “भैया” की ओर से भेजा गया डिलीवरी एजेंट माल पहुंचाता था। आरोपी ने एजेंट का नाम नहीं बताया, लेकिन तस्वीरों के जरिए उसकी पहचान की है। पुलिस अब “भैया” और डिलीवरी एजेंट की तलाश में जुटी है।