सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में उत्तराखंड के गांधी कहे जाने वाले इन्द्र मणि बडोनी के 100वें जन्मदिन के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र–छात्राएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए. एन. सिंह, प्राध्यापकों तथा छात्र–छात्राओं द्वारा बडोनी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया. इसके पश्चात छात्र–छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने पूरे सभागार को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया.

कार्यक्रम में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर (इतिहास) की छात्रा वैष्णवी दुबे ने अपने वक्तव्य में इन्द्र मणि बडोनी के जीवन, संघर्ष और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला. वहीं एम.ए. तृतीय सेमेस्टर (इतिहास) की छात्रा शकुन्तला द्वारा प्रस्तुत लोकगीत ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया. इस अवसर पर बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा सुईटा ने बडोनी जी का स्वनिर्मित सुंदर चित्र प्राचार्य को भेंट किया, जिसकी सभी ने सराहना की.
कार्यक्रम की संयोजक प्रो. हेमलता सैनी ने अपने संबोधन में बडोनी को जनआंदोलनों का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि आज के समय में उनके विचार और संघर्षशील दृष्टि पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं. महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए. एन. सिंह ने अपने उद्बोधन में बडोनी को उत्तराखंड का गांधी बताते हुए उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक योगदान को स्मरण किया तथा छात्र–छात्राओं से उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अपर्णा सिंह द्वारा किया गया. इस अवसर पर प्रो. सर्वजीत सिंह, प्रो. रविन्द्र सैनी, प्रो. विकास दुबे, प्रो. अमिता, प्रो. शैलजा, डॉ. इंदु शेखर ममगाई, डॉ. रूमा शाह, डॉ. विवेकानंद पाठक, डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, साथ ही फराह नाज़, पूजा, नगमा, मानसी, मुस्कान एवं बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे.


