हल्द्वानी। वरिष्ठ संवाददाता।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के उजाला नगर में रविवार को धार्मिक स्थल के सामने पशु का अवशेष मिलने के बाद माहौल बिगड़ गया। एक समुदाय के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर गहरा रोष जताया। देखते ही देखते तनाव फैल गया। इस दौरान भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया, नारेबाजी की और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। हालात संवेदनशील देख सभी थानों की फोर्स को भी अलर्ट कर दिया गया।
सीसीटीवी से मिला सुराग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक कुत्ता कहीं से पशु का अवशेष खींचकर धार्मिक स्थल के सामने छोड़ता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने यह जानकारी प्रदर्शनकारियों को भी साझा की। अधिकारियों ने कहा कि “घटना जानबूझकर नहीं, बल्कि जानवर की हरकत प्रतीत हो रही है।”
रात तक हंगामा, पथराव और लाठीचार्ज
स्थिति तब बिगड़ी जब कुछ शरारती तत्वों ने माहौल गरमाने की कोशिश की। भीड़ उग्र हो गई और कुछ स्थानों पर पथराव भी हुआ। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाल कर स्थिति को नियंत्रण में किया।
प्रशासन की अपील
कमिश्नर ने कहा कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। “किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। जांच जारी है और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।


