हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी के सभागार में शनिवार, 4 अक्टूबर, 2025 को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त नारी’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर की सैकड़ों महिलाओं ने न सिर्फ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई, बल्कि विभिन्न गंभीर मुद्दों पर जागरूक भी हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट ने फीता काटकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कुपोषण, विभिन्न बीमारियों और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव रख सकती है।
मेयर गजराज बिष्ट ने अपने संबोधन में मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वासों से दूर रहकर ही सही मार्ग पर चला जा सकता है। उन्होंने कहा, “माताएं एवं बहनें ही बच्चों में अच्छे संस्कार डालकर एक सभ्य और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकती हैं।” उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं से इस स्वास्थ्य शिविर का पूरा लाभ उठाने की अपील की।

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने प्रधानमंत्री की ‘स्वच्छ भारत’ की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए सभी से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इसे एक जनआंदोलन बनाने का आग्रह किया।
नगर आयुक्त रिचा सिंह ने अपने वक्तव्य में महिलाओं के प्रति हो रही हिंसा और समाज में बढ़ते अपराधों जैसे गंभीर मुद्दे को उठाया। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की हिंसा का डटकर सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेश कुमार, गणेश भट्ट, डॉ. आई.पी. पंत, डॉ. संगीता त्रिपाठी सहित अनेक माननीय पार्षदगण एवं शहर की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।