हल्द्वानी, उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण हैं। नैनीताल जिले के बकुलिया, मोटाहल्दू लालकुआं निवासी सागर जोशी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित Best Position Paper प्रतियोगिता में सागर ने 20 देशों के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए Best Position Paper Award अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता वैश्विक विषयों पर गहन शोध, प्रस्तुति और तार्किक बहस के आधार पर आयोजित की जाती है।
सागर जोशी वर्तमान में मसूरी के सेंट जोसेफ स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और संवाद शैली ने उन्हें सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मंच पर ही नहीं, बल्कि अपने विद्यालय में भी विशिष्ट पहचान दिलाई है। 30 अप्रैल 2025 को सागर को सेंट जोसेफ विद्यालय का Head Prefect घोषित किया गया। यह पद स्कूल में छात्रों के बीच सर्वोच्च नेतृत्व भूमिका मानी जाती है।
सागर की इस दोहरी उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, विद्यालय और क्षेत्र को गर्व से भर दिया है, बल्कि यह उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनके पिता बसंत जोशी ने मीडिया से बातचीत में कहा सागर हमेशा से पढ़ाई और सामाजिक विषयों में गहरी रुचि रखता है। हमें गर्व है कि उसने प्रदेश और देश का नाम रौशन किया।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के मंच पर यह सम्मान हासिल करना बताता है कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के युवा भी वैश्विक प्रतिस्पर्धा में किसी से कम नहीं हैं। क्षेत्रीय विधायक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी सागर को बधाई दी और भविष्य में उनकी और भी ऊंची उड़ान की कामना की।
यह खबर प्रदेश के उन युवाओं के लिए संदेश है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लगन और मेहनत हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं। सागर जोशी की यह उपलब्धि हर छात्र के लिए एक उदाहरण है कि पढ़ाई के साथ सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास हो तो विश्व मंच पर चमकना संभव है।
-( क्या आप भी किसी युवा की प्रेरक सफलता कहानी जानते हैं तो हमको बताएं )