Homeवीडियोनैनीताल के बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गोलीबारी, एक घायल;...

नैनीताल के बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गोलीबारी, एक घायल; कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गुरुवार को हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक ग्रामीण के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इस गोलीकांड को चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की साजिश करार देते हुए राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।

घटना सुबह बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय के बाहर हुई, जहां ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान चल रहा था। सुबह से ही प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनाव का माहौल था। अचानक समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान छह राउंड गोलियां चलने की खबर है, जिससे ब्लॉक मुख्यालय पर अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हंगामे में छड़ा गांव के एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि एक क्षेत्र पंचायत सदस्य जमीन पर गिर गई।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मतदान प्रक्रिया को फिर से शुरू करवाया। कुल 32 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 17 ने मतदान कर लिया है। थानाध्यक्ष अनीस अहमद ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन राउंड गोली चलने की सूचना है। हालांकि, कुछ सूत्रों ने छह राउंड गोली चलने की बात कही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि यह गोलीकांड सुनियोजित तरीके से चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए किया गया। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस घटना ने क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल पैदा कर दिया है, और स्थानीय लोग इसे “जंगल राज” की संज्ञा दे रहे हैं।

वीडियो सोर्स :सोशल मिडिया